top of page

संपादक की ओर से

घुड़सवार साहीत्यिक पत्रिका के सांतवे अंक में आपका स्वागत है !


अत्यंत आनंद की प्राप्ति होती है जब यह मालूम पड़ता है कि केवल कविता के प्रति समर्पित होने के बावजूद इस पत्रिका की पहुँच बढ़ती जा रही है, दोनों ही हिंदी-भाषी एवं अंग्रेज़ी-भाषी परिवेश में। हर महीने सब्मिशन्स की तादाद बढ़ती ही जा रही है, और इसलिए कभी-कभी उत्तर देने में मुझे अब देर भी हो जाती है, लेकिन फिर यह देरी की वजह से यह देरी अच्छी भी लगने लगती है, कि पत्रिका को इतने लोग पढ़ रहे हैं, और उसमें प्रकाशित कविताओं से प्रेरित हो कर कुछ लिख भी रहे हैं। 


इस अंक में एक हिंदी कविता एक हाई स्कूल के छात्र के द्वारा लिखी हुई है - कविता को उसकी योग्यता पर चुना गया था, इसलिए नहीं कि वह एक किशोर के द्वारा लिखी हुई है। लेकिन प्रकाशित करते समय आनंद की अनुभूति होती है, कि आधुनिक समाज कि जटिलताओं को संभालते हुए बच्चे-बड़े सभी कविता लिख रहे हैं। कभी-कभी इस पत्रिका को चलाने के लिए सराहना के ईमेल भी आते हैं। हाल ही में एक हिंदी-पंजाबी फ़िल्मों में गीत लिखने वाली नामी कलाकार से सराहना का ईमेल आया, तो बड़ा अचरज और प्रसन्नता दोनों हुए, कि पत्रिका को साहित्य के क्षेत्र के कुछ अव्वल लोग भी पढ़ लेते हैं कभी-कभी ! अंग्रेज़ी में भी सब्मिशन्स दुनिया के हर कोने से आते हैं, और प्रसन्नता होती है ऎसी आवाज़ों को सुनने में जो कभी-कभी दबी रह जाती हैं आवाज़ में दम होने के बावजूद। 


उम्मीद है कि इस अंक में भी आपको ढेर सारी प्रेरणा, ख़ूबसूरती एवं रूह के लिए ग़िज़ा मिलेगी। आपको मालूम ही होगा कि हाल ही में घुड़सवार पुरस्कार २०२५ का एलान हुआ था - प्रखर सिंह की कविता 'चिराग', जो यह पुरस्कार जीती, उसे और अन्य नामांकित कविताओं को आप यहां पढ़ सकते हैं। घुड़सवार पुरस्कार किसी एक वर्ष में किसी भी ऑनलाइन पत्रिका में प्रकाशित हुई हिंदी कविता के लिए है, और पुरस्कार विजेता को १०० अमरीकी डॉलर की भेंट दी जाती है घुड़सवार पत्रिका की ओर से। अंग्रेज़ी में घुड़सवार का कोई निजी पुरस्कार तो नहीं है, लेकिन घुड़सवार बेस्ट ऑफ़ द नेट संकलन के लिए हर वर्ष कुछ प्रकाशित रचनाओं को नामांकित करता है - बेस्ट ऑफ़ द नेट २०२६ संकलन के लिए जिन कविताओं को घुड़सवार नामांकित कर रहा है, इन्हें आप यहां पढ़ सकते हैं। 


प्रणाम,


अंकुर अग्रवाल

संपादक, घुड़सवार साहित्यिक पत्रिका


२९ अगस्त २०२५, लिल्लेस्त्र्यम, नॉर्वे

एक्स (X) - @ankurwriter

फ़ेसबुक - @ankurwriter

bottom of page